गुरु दत्त ने ओपी नय्यर को फीस की दी फिल्म

गुरु दत्त ने साल 1953 में ‘बाज़’ नाम की फिल्म बनाई थी, जिसे अदाकार गीता बाली ने प्रोड्यूस किया था। लेकिन यह फिल्म फ्लॉप हो गई। गुरु दत्त पहली बार बतौर लीड एक्टर इस फिल्म में थे और साथ ही उन्होंने इसका निर्देशन भी किया था। 

अब जबकि यह फिल्म फ्लॉप हो गई, तो इसके संगीतकार ओपी नय्यर बुरी तरह निराश हो गए। दरअसल, ओपी नय्यर की बतौर संगीतकार यह तीसरी फिल्म थी, जो फ्लॉप हो गई थी। अब निराश ओपी अपने घर जाने के विचार में थे और अपनी फीस के बकाया पैसे गुरु दत्त से लेने उनके घर पहुंचे थे। 

ओपी ने गुरु दत्त से कहा कि मेरी बाकी की फीस आप दे दें। मैं मुंबई छोड़ कर जा रहा हूं क्योंकि लगता नहीं कि इस शहर में मेरा बसर होगा। 

अब गुरु दत्त के पास भी देने को पैसे नहीं थे। परेशान गुरु दत्त ने ओपी के सामने अपना हाल बयां किया। उन्होंने ओपी से कहा कि देखो दोस्त मेरे पास पैसे नहीं है। फिल्म फ्लॉप होने की वजह से मेरी स्थिति ख़राब है, लेकिन मैं तुमसे एक वादा ज़रूर कर सकता हूं। 

ओपी को समझ नहीं आ रहा था कि वो क्या करें?...फिर भी कहा कि जी बताइए। 

गुरु दत्त ने कहा कि मैं जल्दी ही अपनी नई फिल्म शुरू करने जा रहा हूं, उसमें आपको बतौर संगीतकार शामिल होने का प्रस्ताव देता हूं। इसके अलावा अगली दो फिल्मों में भी आपको ही संगीतकार रखूंगा यह भी वादा करता हूं। 

ओपी के पास गुरु दत्त की बात मानने के सिवा कोई चारा न था। मन मसोस कर ओपी ने ‘हामी’ भीर दी। 

ख़ैर, कुछ दिन बाद ही गुरु दत्त ने फिल्म ‘आर-पार’ की शूटिंग शुरू कर दी और संगीत बनाने का जिम्मा ओपी नय्यर को दिया। यह फिल्म बनी और सफल हुई। इसके संगीत की काफी सराहना भी हुई। इस तरह से गुरु दत्त ने बॉलीवुड को एक अच्छा संगीतकार दिया।

Comments

Popular posts from this blog

चलो, एक बार फिर से अजनबी बन जाएं हम दोनों

तलत महमूद